जून 2026 तक पुलिस कर्मियों के अवकाश पर रोक, कमिश्नरेट लखनऊ ने जारी किए आदेश

Share This

 

लखनऊ। आगामी दिनों में प्रस्तावित विभिन्न त्योहारों एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने सभी पुलिस कर्मियों के अवकाश पर अस्थायी रोक लगा दी है। इस संबंध में संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) की ओर से आदेश जारी किया गया है।

कब तक रद्द हुए अवकाश

जारी आदेश के अनुसार जून 2026 में होने वाले विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक माना गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए कमिश्नरेट लखनऊ के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं।

f8509a69 26f3 40f1 8b3f 6cee30e5c9bf

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि के दौरान सामान्य परिस्थितियों में किसी भी पुलिस कर्मी को अवकाश नहीं दिया जाएगा। हालांकि, विशेष और अपरिहार्य परिस्थितियों में अवकाश संबंधी मामलों पर संबंधित पुलिस उपायुक्त की स्वीकृति के बाद ही विचार किया जाएगा।

यह आदेश पुलिस उपायुक्तों, अपर पुलिस उपायुक्तों, सहायक पुलिस आयुक्तों, प्रतिसार निरीक्षकों, थाना प्रभारियों तथा विभिन्न शाखाओं और कार्यालयों के प्रभारियों को अनुपालन के लिए भेजा गया है। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

इसलिए लिया गया फैसला

पुलिस प्रशासन का मानना है कि त्योहारों और बड़े आयोजनों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी। इसी उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है, ताकि आमजन को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *