ससुराल पक्ष से परेशान महिला बच्चों संग आत्महत्या करने पहुंची रेलवे ट्रैक पर, संतकबीरनगर पुलिस ने बचाया

Share This

संतकबीरनगर। मुखलिसपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास अपने बच्चों के साथ ट्रेन से कटकर आत्महत्या करने जा रही एक महिला को कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने समय रहते बचा लिया। पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। बाद में महिला की काउंसिलिंग कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

ये है मामला

जानकारी के अनुसार कोतवाली खलीलाबाद पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला अपने बच्चों के साथ मुखलिसपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई है और आत्महत्या करने की कोशिश कर रही है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक धर्मनाथ यादव, हेड कांस्टेबल गणेश, कांस्टेबल अरविंद तिवारी, महिला कांस्टेबल अंकिता सिंह, साधना और महिमा यादव तत्काल मौके पर पहुंचे।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला और उसके बच्चों को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया तथा उन्हें थाने लेकर आई। समय रहते की गई कार्रवाई से महिला और उसके बच्चों की जान बच गई। पुलिस अधिकारियों ने महिला से बातचीत कर घटना के कारणों की जानकारी ली।

पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह ससुराल पक्ष के लोगों से परेशान थी और मानसिक तनाव में आकर यह कदम उठाने जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाने पर मिशन शक्ति टीम को बुलाया गया। टीम ने महिला की काउंसिलिंग की और उसे समझाने का प्रयास किया।

की गई काउंसलिंग

इसके बाद महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों को थाने बुलाकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई। पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने पारिवारिक विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया तथा महिला को आवश्यक सहयोग और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

काउंसिलिंग और समझाइश के बाद महिला की स्थिति सामान्य हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की पारिवारिक या मानसिक परेशानी होने पर लोग आत्मघाती कदम उठाने के बजाय पुलिस, परिजनों या संबंधित सहायता सेवाओं से संपर्क करें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *