उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। हापुड़ के पिलखुवा स्थित सर्वाेदय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर तैनात दो उपनिरीक्षकों समेत कुल 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उस घटना के बाद हुई, जिसमें एक अभ्यर्थी सुरक्षा जांच को चकमा देकर मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने में सफल हो गया।
कड़ी सुरक्षा के बाद भी हुई लापरवाही
जानकारी के मुताबिक, कड़े सुरक्षा बंदोबस्त और मेटल डिटेक्टर जांच के बावजूद एक अभ्यर्थी ने मोबाइल फोन को छिपाकर अंदर पहुंचाया। परीक्षा शुरू होने के बाद उसने शौचालय में जाकर मोबाइल इस्तेमाल करने की कोशिश की, लेकिन संदिग्ध गतिविधि पर चेकिंग टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से प्रतिबंधित मोबाइल फोन बरामद हुआ।
जांच में खुली पोल
इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने मामले की जांच कराई, जिसमें ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई। शुरुआती जांच में सुरक्षा प्रोटोकॉल का सही तरीके से पालन न करने की बात भी स्पष्ट हुई।
इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए दो उपनिरीक्षकों सहित कुल 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। अधिकारियों ने साफ किया है कि भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।