यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, छह वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले

Share This

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए छह वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। इस फेरबदल में आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

देखें लिस्ट 

जारी सूची के अनुसार, प्रतीक्षारत चल रहे आईपीएस अधिकारी रवि शंकर छवि को पुलिस महानिदेशालय, लखनऊ में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) लोक शिकायत के पद पर तैनात किया गया है। वहीं कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी हरीश चन्द्र को भ्रष्टाचार निवारण संगठन, लखनऊ में डीआईजी बनाया गया है।

मेरठ स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) की प्रधानाचार्य एवं डीआईजी पूनम को मिर्जापुर परिक्षेत्र का डीआईजी नियुक्त किया गया है। इसी तरह सीआईडी में तैनात डीआईजी अशोक कुमार-4 को देवीपाटन परिक्षेत्र, गोंडा का नया डीआईजी बनाया गया है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन में तैनात डीआईजी सचिन्द्र पटेल को आगरा पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस आयुक्त के पद पर भेजा गया है। वहीं पीटीएस मुरादाबाद में तैनात डीआईजी यमुना प्रसाद को कानपुर परिक्षेत्र का डीआईजी नियुक्त किया गया है।

अहम है तबादला

सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुभव और कार्यशैली को ध्यान में रखते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों से संबंधित इकाइयों में प्रशासनिक कार्यों की गति बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

तबादला आदेश जारी होने के बाद सभी अधिकारियों को शीघ्र ही अपने-अपने नए पदों का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस महकमे में इस फेरबदल को आगामी प्रशासनिक जरूरतों और बेहतर पुलिसिंग की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *