जालौन में एक हेड कांस्टेबल का निजी समारोह में कथित रूप से बार-बालाओं पर पैसे उड़ाते हुए वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। यह मामला चुर्खी थाने में तैनात हेड कांस्टेबल अशोक सिंह से जुड़ा बताया जा रहा है, जिनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह एक तिलक समारोह के दौरान नर्तकियों पर रुपये लुटाते नजर आ रहे हैं।
निजी कार्यक्रम का था वीडियो
वीडियो वायरल होते ही मामला पुलिस प्रशासन तक पहुंचा और वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए हेड कांस्टेबल अशोक सिंह को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना एक निजी कार्यक्रम की है, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की छवि पर सवाल उठने लगे। इसी कारण विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
एसपी ने की कार्रवाई
इस पूरे मामले पर जालौन के अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने जानकारी देते हुए कहा कि वायरल वीडियो की प्रारंभिक जांच के बाद हेड कांस्टेबल को निलंबित किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच क्षेत्राधिकारी कालपी को सौंपी गई है, जो वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की जांच करेंगे।
एएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जांच में कोई और तथ्य सामने आते हैं तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग ने साफ कर दिया है कि पुलिसकर्मियों के आचरण को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।