Kanpur: ड्यूटी से गायब पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, 14 सस्पेंड और 118 को नोटिस

Share This

कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में ड्यूटी से लंबे समय तक गायब रहने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। विभाग ने अनुशासनहीनता और बिना सूचना अनुपस्थित रहने के मामले में 14 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है, जबकि 118 अन्य कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

कई दिनों से थे लापता

जानकारी के मुताबिक, ये पुलिसकर्मी कई दिनों से ड्यूटी पर नहीं लौटे थे और विभाग को इनकी कोई आधिकारिक सूचना भी नहीं दी गई थी। जांच में सामने आया कि कई कर्मियों ने सिर्फ कुछ दिनों की छुट्टी ली थी, लेकिन उसके बाद वे लंबे समय तक गायब रहे।

मामले की जांच में यह भी पता चला कि कुछ पुलिसकर्मी 37 से 152 दिनों तक अनुपस्थित रहे। सबसे गंभीर मामला सिपाही दुष्यंत का है, जो करीब 168 दिनों से ड्यूटी से गायब है। वहीं सब इंस्पेक्टर मोनू सिंह 54 दिनों से अनुपस्थित बताए जा रहे हैं।

पुलिस विभाग ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई की है। निलंबित किए गए 14 पुलिसकर्मियों में दो सब इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। इसके साथ ही 118 अन्य पुलिसकर्मियों से जवाब मांगा गया है।

अफसरों ने कहा ये

अधिकारियों का कहना है कि सभी को पहले भी पत्र भेजकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अब दोबारा नोटिस जारी किया गया है और अगर जवाब नहीं मिला तो आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कमिश्नर संकल्प शर्मा ने साफ कहा है कि विभाग में अनुशासन से कोई समझौता नहीं होगा। इससे पहले भी जुलाई 2025 में ऐसी ही जांच में कई पुलिसकर्मी लंबे समय से गैरहाजिर पाए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *