अलीगढ़ में लगातार सामने आ रही फायरिंग की घटनाओं को लेकर पुलिस अब पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। बीते दो महीनों में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई फायरिंग की वारदातों पर अलीगढ़ पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने इन घटनाओं में शामिल 40 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इसलिए लिया गया फैसला
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ज्यादातर मामलों में अवैध हथियारों का इस्तेमाल किया गया। वहीं, इन घटनाओं में बड़ी संख्या में युवाओं की संलिप्तता भी सामने आई है। इसे गंभीर मानते हुए पुलिस प्रशासन ने अब जनजागरूकता अभियान शुरू करने का फैसला लिया है।
एसएसपी अलीगढ़ ने जिले के लोगों, खासतौर पर अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि घरों में किसी प्रकार का अवैध शस्त्र न रखा जाए। पुलिस का कहना है कि कई बार युवा शौक और दबदबा दिखाने के लिए हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो आगे चलकर गंभीर अपराध का कारण बन सकता है।
आम लोगों से की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को किसी युवक या अन्य व्यक्ति के पास अवैध हथियार होने की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना सीधे एसएसपी अलीगढ़ को दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
अलीगढ़ पुलिस ने साफ किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध हथियार रखने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।