DGP राजीव कृष्ण ने किया एटीएस मुख्यालय का दौरा, आतंकवादरोधी तैयारियों की ली समीक्षा

Share This

उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने रविवार तो प्रदेश की आतंकवाद निरोधक शाखा (एटीएस) मुख्यालय का दौरा कर परिचालन तैयारियों, आधारभूत संरचना और आतंकवादरोधी प्रयासों की बारीकी से समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने एटीएस के कार्य संचालन, संसाधनों और प्रशिक्षण प्रक्रियाओं का निरीक्षण किया।

सीएम के निर्देशन पर एटीएस हुई आधुनिक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में एटीएस को अत्याधुनिक तकनीकी उपकरणों और संसाधनों से लैस किया गया है। प्रदेश के प्रत्येक संवेदनशील स्थल तक त्वरित पहुँच सुनिश्चित करने हेतु नवीन फील्ड यूनिट्स भी स्थापित की गई हैं। डीजीपी ने आतंकी गतिविधियों की निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और डेटा विश्लेषण क्षमताओं का भी निरीक्षण किया।

राजीव कृष्ण ने निर्देश दिए कि एटीएस द्वारा नियमित मॉक टेस्ट और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ, ताकि बलों की तैयारियों में निरंतर सुधार हो। इसके अलावा उन्होंने एनएसजी और अन्य शीर्ष संस्थानों के साथ समन्वय बढ़ाकर एटीएस कमाण्डोज़ को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दिया।

डीजीपी ने कहा कि आतंकवाद की चुनौती के समय उत्तर प्रदेश में सक्रिय और प्रशिक्षित बल ही सुरक्षा की कुंजी हैं। उन्होंने अधिकारियों और जवानों को सतर्क रहने, नवीनतम तकनीक अपनाने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

डीजीपी ने की समीक्षा

एटीएस मुख्यालय में निरीक्षण के दौरान आधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम, सूचना विश्लेषण केंद्र और अन्य उपकरणों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। राजीव कृष्ण ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी और जोखिम मूल्यांकन सुनिश्चित किया जाए। इस दौरे के दौरान डीजीपी ने सुरक्षा बलों के उत्साहवर्धन और उनकी तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आतंकवादरोधी उपायों को और मजबूत किया जा रहा है ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति का त्वरित और प्रभावी जवाब दिया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *