आगरा में होमगार्ड भर्ती परीक्षा: सुरक्षा के कड़े घेरे में 75 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

Share This

 

आगरा में होमगार्ड्स भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारी कर ली है। 25, 26 और 27 अप्रैल को जिले के 28 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें कुल 75,168 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को कई स्तरों पर मजबूत किया गया है।

दो पालियों में होगा एग्जाम

हर दिन दो पालियों में परीक्षा कराई जाएगी, यानी तीन दिनों में कुल छह शिफ्ट होंगी। प्रत्येक पाली में 12,528 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।

अभ्यर्थियों की एंट्री से पहले तीन स्तर की जांच अनिवार्य की गई है। सबसे पहले गेट पर तलाशी होगी, इसके बाद बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा और साथ ही आंखों का रेटिना स्कैन भी किया जाएगा। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले दस्तावेजों की दोबारा जांच होगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना न रहे।

पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। इन कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की जाएगी, जिसकी फीड सीधे लखनऊ मुख्यालय तक भेजी जाएगी।

900 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

सुरक्षा के लिहाज से 900 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। हर परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और एक निरीक्षक को प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा सादा वेश में भी पुलिसकर्मी केंद्रों के आसपास निगरानी करेंगे।

प्रशासन ने सॉल्वर गैंग पर भी विशेष नजर रखी है। पहले पकड़े गए आरोपियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि वे दोबारा सक्रिय न हों। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अलग से टीमें गठित की गई हैं।

अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए गए हैं, ताकि योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *