संवाद सूत्र, भोगांव। क्षेत्र के गांव वरधनियां निवासी उप निरीक्षक शरद कुमार वर्मा (55) की बरेली रेलवे स्टेशन पर अचानक हृदयगति रुकने से मृत्यु हो गई। घटना उस समय हुई जब वह उच्च न्यायालय से लौटने के बाद ड्यूटी पर जा रहे थे। सूचना मिलते ही परिजन बरेली पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।
ऐसे हुआ निधन
बताया गया है कि शरद कुमार वर्मा मुरादाबाद जिले के थाना डिलारी में उप निरीक्षक के पद पर तैनात थे। वह परिवार के साथ बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र स्थित ग्रीन वैली में रह रहे थे। आठ अप्रैल को वह उच्च न्यायालय इलाहाबाद में सीए दाखिल करने गए थे। वहां से लौटने के बाद रविवार को वह दोबारा ड्यूटी के लिए निकल गए थे।
रविवार को जब वह बरेली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंचे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद जीआरपी कर्मियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर ने दी जानकारी
जीआरपी इंस्पेक्टर एसके वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मृत्यु का कारण हृदयगति रुकना माना जा रहा है। सूचना मिलते ही परिजन बरेली पहुंचे, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
दारोगा की आकस्मिक मृत्यु से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी रेखा, पुत्र राजन और वंश, तथा पुत्रियां वर्षा और पारुल का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई है।