रामपुर में तैनात पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्रा का तबादला होने के बाद उनकी विदाई का दृश्य भावुक कर देने वाला रहा। आमतौर पर ट्रांसफर एक प्रशासनिक प्रक्रिया मानी जाती है, लेकिन इस मौके पर जो नजारा देखने को मिला, वह एक अधिकारी और जनता के बीच बने भरोसे और रिश्ते को बयां करता है।
हाल ही में हुआ तबादला
हाल ही में किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत मुरादाबाद मंडल के रामपुर और अमरोहा समेत 13 जिलों के पुलिस कप्तानों सहित 27 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसी क्रम में एसपी विद्यासागर मिश्रा को अब सीतापुर स्थित 11वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक नियुक्त किया गया है।
ऐसे में उनकी विदाई समारोह में पुलिसकर्मियों और आम लोगों की आंखें नम हो गईं। विदाई के दौरान खुद एसपी मिश्रा भी अपने आंसू नहीं रोक सके। यह दृश्य इस बात का प्रमाण था कि उन्होंने अपने कार्यकाल में न सिर्फ कानून व्यवस्था को संभाला, बल्कि जनता के दिलों में भी खास जगह बनाई।
अच्छी छवि के अफसर हैं विद्यासागर मिश्रा
बताया जाता है कि विद्यासागर मिश्रा की छवि एक सरल, व्यवहार कुशल और संवेदनशील अधिकारी की रही। उनकी लोकप्रियता हर वर्ग में थी, खासकर मुस्लिम समुदाय के बीच भी उन्हें काफी सम्मान मिला। पुलिस विभाग के भीतर भी उनके काम करने के तरीके और सहयोगी रवैये की सराहना होती रही है।