बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान नवागत पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने जिले की कानून व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट रूप से सामने रखीं। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और उसके शीघ्र निस्तारण के लिए पुलिस पूरी तत्परता से काम करेगी।
एसपी ने कहा ये
एसपी ने यह भी कहा कि जिले में अपराध और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि चंदौली को जाम और अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
लोगों से की अपील
इस अभियान के तहत प्रमुख बाजारों और व्यस्त सड़कों पर कार्रवाई कर आम जनता को राहत प्रदान की जाएगी। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद और सहयोग को अत्यंत आवश्यक बताया। उनका कहना था कि सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण के लिए पुलिस और नागरिकों के बीच आपसी विश्वास बेहद जरूरी है।
अंत में उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, ताकि जिले में शांति और सुरक्षा का माहौल मजबूत बना रहे।