उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित प्रमोशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1998 बैच के 123 सब-इंस्पेक्टरों को पदोन्नति देकर सर्किल ऑफिसर (डिप्टी एसपी) बना दिया गया है। ये सभी अधिकारी अब तक इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे। 24 मार्च को विभागीय प्रोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक के बाद मंगलवार को इनके प्रमोशन का औपचारिक आदेश जारी किया गया।
आज ही हो रहे रिटायर
इस पदोन्नति सूची की सबसे खास बात यह रही कि चार इंस्पेक्टर—कृष्ण कुमार मिश्रा, विनोद कुमार पायल, देवी चरन और सुशील कुमार—को उनके सेवा जीवन के अंतिम दिन ही डिप्टी एसपी के पद पर पदोन्नत किया गया। मंगलवार, 31 मार्च को ही ये चारों अधिकारी सेवानिवृत्त भी हो गए। इस तरह उन्हें अपने करियर के आखिरी दिन ही उच्च पद की जिम्मेदारी और सम्मान प्राप्त हुआ, हालांकि उन्हें नए रैंक की वर्दी तक तैयार कराने का समय नहीं मिल सका।
किन्हें मिला प्रमोशन
प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में नागरिक पुलिस के 109 इंस्पेक्टर शामिल हैं, जबकि शेष 14 अधिकारी प्रतिसार निरीक्षक, कंपनी कमांडर और ट्रैफिक पुलिस से संबंधित हैं। यह प्रमोशन लंबे समय से लंबित था, जिसके कारण कई अधिकारी सेवानिवृत्ति के करीब पहुंच चुके थे।