बरेली में पशु तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

Share This

बरेली जिले में पशु तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। बुधवार तड़के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी कामिल उर्फ नक्ता घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।

ऐसे हुआ गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, फतेहगंज पश्चिमी थाने की टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम में वांछित आरोपी कामिल उर्फ नक्ता बंद पड़ी रबर फैक्टरी के पास जंगल में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी।

जैसे ही पुलिस आरोपी के करीब पहुंची, उसने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में दरोगा पंकज कुमार घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

घायल हालत में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे तथा घायल पुलिसकर्मी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और पशु काटने से जुड़े उपकरण भी बरामद किए हैं।

कौन है ये बदमाश

बताया जा रहा है कि कामिल उर्फ नक्ता पीलीभीत जिले के बीसलपुर क्षेत्र का निवासी है और उसके खिलाफ गौकशी, गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 15 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *