फिरोजाबाद के फरिहा क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने सिपाही पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
ये है मामला
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 21 जून 2022 को मथुरा जिले के मांट थाना क्षेत्र के जनकपुर निवासी सतेंद्र सिंह के साथ हुई थी, जो पुलिस विभाग में सिपाही है और वर्तमान में मैनपुरी में तैनात है। विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज के रूप में 10 लाख रुपये, सोने की जंजीर और अंगूठी की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
महिला ने बताया कि 19 अप्रैल 2023 को उसने बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद ससुराल वालों का रवैया और कठोर हो गया। उसे ताने दिए गए और जलाकर मारने की धमकी तक दी गई। आरोप है कि सितंबर 2025 में पति उसे अपने साथ मैनपुरी ले जाने के बहाने मायके में छोड़ आया और कहा कि दहेज का इंतजाम होने पर ही वापस आए।
समझौते का हुआ था प्रयास
बाद में पंचायत के जरिए समझौते का प्रयास हुआ और ससुराल पक्ष उसे वापस ले गया, लेकिन दिसंबर 2025 में फिर से पति, जेठ और जेठानी ने उसके साथ मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई भी की थी।
फिलहाल पीड़िता अपने मायके में रह रही है। महिला थाना पुलिस ने पति समेत अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।