उरई में महिला सिपाही से दरिंदगी: शादी का झांसा देकर शोषण, विरोध करने पर तमंचे के बल पर दुष्कर्म

Share This

 

 

जालौन जिले के उरई से पुलिस महकमे को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला पुलिसकर्मी खुद ही अपराध का शिकार बन गई। आरोप है कि एक युवक ने पहले शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया, और जब महिला ने दूरी बनाई तो उसने हथियार के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

ये था मामला 

पीड़िता, जो वर्तमान में उरई में तैनात है, ने अपर पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए बताया कि वर्ष 2019 में पति की मृत्यु के बाद उसे अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली थी। वह अपने सरकारी आवास में अकेले रह रही थी। इसी दौरान एक परिचित युवक उसके संपर्क में आया और शादी का भरोसा दिलाकर संबंध बनाता रहा।

महिला के अनुसार, जब उसने युवक पर विवाह के लिए दबाव बनाया तो वह टालमटोल करने लगा। इसके बाद उसने उससे दूरी बना ली। इससे नाराज होकर आरोपी उसके घर पहुंचा, जहां उसने गाली-गलौज की और लोगों के हस्तक्षेप के बाद धमकी देकर चला गया।

जारी हुए जांच के आदेश 

पीड़िता ने बताया कि घटना के तीन दिन पहले आरोपी नशे की हालत में उसके घर में जबरन घुस आया और तमंचे की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।

महिला पुलिसकर्मी ने अपनी और अपने बच्चे की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं और जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *