प्रतापगढ़: ड्यूटी से गैरहाजिर रहने पर 11 पुलिसकर्मी निलंबित, विभागीय जांच शुरू

Share This

प्रतापगढ़ जिले में पुलिस विभाग ने अनुशासनहीनता के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए 11 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब संबंधित कर्मी अवकाश समाप्त होने के बाद भी बिना अनुमति ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए। पुलिस अधीक्षक दीपक भुकर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया कि कर्तव्य में लापरवाही किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।

इसलिए लिया गया फैसला 

जानकारी के अनुसार, गैरहाजिरी को अनुशासनहीनता और जिम्मेदारी से बचने की प्रवृत्ति मानते हुए सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। निलंबित कर्मियों में अबु मोहम्मद सलीम, विवेक यादव, अंकुर यादव, अविनाश कुमार, राहुल सिंह, संतोष यादव, अनुनय अमन कुमार, ज्योति शुक्ला, नीतू यादव, मोनिका और श्रुति शर्मा शामिल हैं। ये सभी अलग-अलग थानों और पुलिस लाइन में तैनात थे।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह की लापरवाही न केवल विभाग की कार्यप्रणाली को प्रभावित करती है, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी बाधा बनती है। इसलिए दोषी पाए गए कर्मियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया गया है, ताकि भविष्य में कोई भी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों से मुंह न मोड़े।

एसपी ने कहा ये

पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी यदि किसी कर्मचारी द्वारा कर्तव्य में लापरवाही या अनुशासनहीनता पाई जाती है, तो इसी तरह कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा और भरोसा बनाए रखना है, जिसके लिए हर पुलिसकर्मी का जिम्मेदार और समय पर ड्यूटी निभाना आवश्यक है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *