बरेली। सोमवार को बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में अपनी सास और साले की हत्या करने वाला मुख्य आरोपी अफसर खां मंगलवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश में तीन टीमें लगी हुई थीं। सुबह करीब छह बजे इज्जतनगर इलाके में पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। घेराबंदी के दौरान अफसर खां ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में दो सिपाही भी घायल हुए हैं।
ऐसे हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, सोमवार को चल रही पंचायत के दौरान अफसर खां ने अपनी सास आसमां (50) और साले आदिल (22) पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। उसकी पत्नी सायमा (30) भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के समय मोहल्ले के कई लोग भी वहां मौजूद थे। बताया गया कि आदिल ने विवाद के दौरान अफसर खां को चप्पल मारी थी, जिससे नाराज होकर आरोपी ने हमला किया।
नशे का आदी था बदमाश
पुलिस सूत्रों के अनुसार अफसर खां नशे का आदी था और पत्नी सायमा से अक्सर विवाद करता रहता था। उसने 2017 में सायमा से प्रेम विवाह किया था और उनके दो बच्चे फैज (8) और आइशा (5) हैं। आरोपी का हिंसक इतिहास भी रहा है। 16 साल की उम्र में उसने अपनी मामी के साथ मिलकर मामा की हत्या की थी। इसके बाद आरोपी जेल गया और 2015 में जमानत पर बाहर आया था। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और घायल सिपाहियों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।