उत्तर प्रदेश पुलिस के हापुड़ जिले में होली के दौरान अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। हाफिजपुर थाने में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर अपने ही वरिष्ठ अधिकारी के साथ अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगा है। इस मामले में हापुड़ के पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानेंद्र सिंह ने सख्त कदम उठाते हुए दोनों को निलंबित कर दिया है।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार 5 मार्च को हाफिजपुर थाने में पुलिसकर्मी होली का त्योहार मना रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर हेड कांस्टेबल सुमित और कांस्टेबल चालक अमित की सब-इंस्पेक्टर श्रीनिवास से बहस हो गई। शुरुआत में कहासुनी तक सीमित रहा विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि गुस्से में दोनों पुलिसकर्मियों ने सब-इंस्पेक्टर के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट कर दी।
घटना के बाद सब-इंस्पेक्टर श्रीनिवास ने पूरे मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने सर्किल ऑफिसर (सीओ) को जांच सौंपी। जांच के दौरान थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों से पूछताछ की गई और उनके बयान दर्ज किए गए।
जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट में हेड कांस्टेबल सुमित और कांस्टेबल चालक अमित के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके आधार पर पुलिस अधीक्षक ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
एसपी ने कहा ये
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन और मर्यादा का पालन बेहद जरूरी है। यदि कोई भी कर्मचारी सेवा नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से विभाग में अनुशासन बनाए रखने का स्पष्ट संदेश दिया गया है।