उत्तर प्रदेश में पुलिस की त्वरित कार्रवाई क्षमता को और बेहतर बनाने की दिशा में एक नई पहल की जा रही है। प्रदेश पुलिस को जल्द ही क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) के लिए 50 नए दोपहिया वाहन मिलने वाले हैं। ये वाहन होंडा इंडिया फाउंडेशन की ओर से कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे।
इसलिए लिया गया फैसला
पुलिस विभाग के मुताबिक इन वाहनों को मुख्य रूप से राज्य के सीमा से जुड़े जिलों में तैनात किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति या अपराध की सूचना मिलने पर पुलिस टीम कम समय में मौके पर पहुंच सके। सहारनपुर जिले को पांच वाहन दिए जाएंगे, जबकि शामली, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, बिजनौर, पीलीभीत, महोबा, बांदा, प्रतापगढ़, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, देवरिया और सोनभद्र को तीन-तीन वाहन मिलेंगे।
इन वाहनों के शामिल होने से पुलिस की गश्त व्यवस्था और तेज होने की उम्मीद है। साथ ही अपराध की सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया देना भी आसान होगा। अधिकारियों का मानना है कि इससे कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
लगातार हो रही पुलिस की उन्नति
राज्य में वर्ष 2017 के बाद पुलिस संसाधनों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है। पहले जहां पुलिस के पास लगभग 9500 चार पहिया और करीब 3000 दोपहिया वाहन थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब 15,500 चार पहिया और 9200 दोपहिया हो चुकी है। इसके अलावा वाहनों की खरीद के लिए बजट भी बढ़ाया गया है।
पहले जहां इसके लिए लगभग 85 करोड़ रुपये का प्रावधान था, अब इसे बढ़ाकर करीब 280 करोड़ रुपये कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि आधुनिक संसाधनों से लैस पुलिस बल कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगा।