यूपी पुलिस में शीर्ष स्तर पर खाली होंगे पद, तीन डीजी एक साथ हो रहे सेवानिवृत्त

Share This

उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में 28 फरवरी को बड़ा प्रशासनिक बदलाव होने जा रहा है। इस दिन डीजी रैंक के तीन वरिष्ठ अधिकारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिससे विभागीय ढांचे में महत्वपूर्ण फेरबदल तय माना जा रहा है। रिटायर होने वाले अधिकारियों में डीजी मानवाधिकार संदीप सालुंके, डीजी होमगार्ड मनमोहन कुमार बशाल और डीजी अभियोजन दीपेश जुनेजा शामिल हैं। इन तीनों अधिकारियों के सेवानिवृत्त होने के बाद विभाग में शीर्ष स्तर पर रिक्तियां उत्पन्न होंगी, जिन्हें भरने की तैयारी लगभग पूरी मानी जा रही है।

इन पदों पर हैं तैनात

संदीप सालुंके वर्तमान में यूपी कैडर के सबसे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों में गिने जाते हैं। उन्होंने मानवाधिकार प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी संभालते हुए कई अहम मामलों की निगरानी की। वहीं मनमोहन कुमार बशाल होमगार्ड विभाग की कमान संभाल रहे थे और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। डीजी अभियोजन दीपेश जुनेजा ने अभियोजन तंत्र को प्रभावी बनाने और मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।

कईयों को मिलेगा प्रमोशन

इन तीनों अधिकारियों के एक साथ रिटायर होने से विभाग में पदोन्नति की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक एडीजी स्तर के अधिकारियों को डीजी पद पर प्रोन्नत किया जाएगा। इसके साथ ही व्यापक स्तर पर तबादलों की संभावना भी जताई जा रही है, जिसमें डीजी से लेकर एसपी रैंक तक के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं।

28 फरवरी के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस की वरिष्ठता सूची में भी बदलाव देखने को मिलेगा। विभागीय संरचना में यह परिवर्तन प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे नेतृत्व स्तर पर नई जिम्मेदारियां और नई कार्यशैली की शुरुआत होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *