UP Police Typing Test Admit Card 2026: 21-22 फरवरी को होगी परीक्षा, प्रवेश पत्र ऐसे करें डाउनलोड

Share This

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने पुलिस उप निरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उप निरीक्षक (लिपिक) और पुलिस सहायक उप निरीक्षक (लेखा) पदों के लिए आयोजित होने वाली कंप्यूटर टंकण परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। जिन अभ्यर्थियों ने सीधी भर्ती-2023 के तहत आवेदन किया था, वे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को अपनी पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी।

कब होगी परीक्षा

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार टाइपिंग टेस्ट का आयोजन 21 और 22 फरवरी 2026 को किया जाएगा। परीक्षा केंद्र गौतमबुद्ध नगर, लखनऊ और प्रयागराज में बनाए गए हैं। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 921 रिक्त पदों को भरा जाना है। ऐसे में हजारों अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ मूल फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। बिना एडमिट कार्ड या वैध पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

ये ध्यान रखें

टंकण परीक्षा के लिए न्यूनतम गति भी निर्धारित की गई है। हिंदी टाइपिंग में कम से कम 25 शब्द प्रति मिनट और अंग्रेजी टाइपिंग में 30 शब्द प्रति मिनट की रफ्तार जरूरी होगी। जो अभ्यर्थी इस चरण को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करेंगे, उन्हें दस्तावेज सत्यापन और आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से पहले विस्तृत दिशा-निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ लें और समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *