लखनऊ में एक महिला दारोगा ने अपने ही ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। प्रयागराज में तैनात महिला उपनिरीक्षक का दावा है कि शादी के बाद से उसे लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं, उसने अपने ससुर पर दुष्कर्म और पति पर उत्पीड़न के आरोप भी लगाए हैं।
ये है मामला
महिला के मुताबिक, उसकी शादी फरवरी 2025 में हुई थी। यह अंतरजातीय विवाह था, जिसे लेकर ससुराल पक्ष शुरू से ही नाराज था। आरोप है कि शादी के बाद उसे बार-बार जातिसूचक बातें सुननी पड़ीं और नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसे धमकियां दी गईं और घर का माहौल उसके लिए असहनीय बना दिया गया।
पीड़िता का आरोप है कि स्थिति तब और गंभीर हो गई जब उसके ससुर ने कथित तौर पर हथियार का भय दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि उसने पूरी घटना अपने पति को बताई, लेकिन उसे न्याय दिलाने के बजाय चुप रहने की सलाह दी गई। इससे वह मानसिक रूप से टूट गई।
महिला दारोगा ने शिकायत में यह भी कहा है कि जनवरी 2026 में उसके साथ जबरन संबंध बनाए गए और विरोध करने पर उसे जहरीला पदार्थ खिलाने की कोशिश की गई। किसी तरह उसने अपने पिता को सूचना दी, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
आरोप यह भी हैं कि जब उसके पिता बातचीत के लिए ससुराल पहुंचे तो उनके साथ मारपीट की गई। वहीं हाल ही में पति द्वारा फायरिंग किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। महिला का कहना है कि उसने जान बचाने के लिए घर से भागकर खुद को सुरक्षित किया।
होगी जांच शुरू
सबसे बड़ा सवाल यह है कि कानून की रक्षा करने वाली एक महिला पुलिस अधिकारी खुद न्याय के लिए भटकने को मजबूर है। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद स्थानीय स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।