वायरल वीडियो पर यूपी पुलिस का जवाब, तेल वितरण पर नहीं लगी कोई सीमा

Share This

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें यूपी पुलिस की गाड़ी सड़क पर लाउडस्पीकर के जरिए पेट्रोल और डीजल को लेकर अनाउंसमेंट करती नजर आ रही है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि किसी भी व्यक्ति को 5 लीटर से ज्यादा पेट्रोल या डीजल नहीं दिया जाएगा और तेल खरीदने के लिए पहचान पत्र यानी आधार कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। इस वीडियो को लेकर कहा जा रहा है कि यह उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले का है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

लोगों ने उठाए सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे गंभीर स्थिति बताया, जबकि कुछ ने अफवाहों और बढ़ती भीड़ को लेकर चिंता जताई। हाल के दिनों में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों के कारण कई जगहों पर लोगों की भीड़ बढ़ने की खबरें भी सामने आई थीं।

पुलिस ने कहा ये

इस पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति स्पष्ट की गई है। पुलिस ने बताया कि सभी पेट्रोल पंपों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि तेल का वितरण व्यवस्थित तरीके से हो सके। प्रशासन ने साफ किया है कि वाहनों में डीजल या पेट्रोल भराने पर किसी भी तरह की कोई सीमा (लिमिट) लागू नहीं की गई है।

पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर और अन्य कृषि वाहनों के लिए भी आपूर्ति पर कोई रोक नहीं है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर की संवेदनशील स्थिति, तेल की तस्करी और कालाबाज़ारी को रोकने तथा ज्वलनशील पदार्थों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल गैलन में तेल लेने आने वाले लोगों के लिए 5 लीटर की सीमा निर्धारित की गई है, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और सभी पेट्रोल पंप 24 घंटे सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांत रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *