गाजियाबाद में दारोगा हनी ट्रैप का शिकार, महिला गिरफ्तार, दो आरोपी फरार

Share This

 

गाजियाबाद में तैनात रहे उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर को हनी ट्रैप में फंसाकर लाखों रुपये की उगाही किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिकारी की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

ये था मामला 

जानकारी के अनुसार, सब इंस्पेक्टर जय सिंह निगम वर्तमान में बरेली में तैनात हैं। आरोप है कि जून 2024 में रेखा त्यागी नाम की महिला ने उनसे संपर्क बढ़ाया और बाद में शादी व झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उनसे पैसे वसूलने शुरू कर दिए। महिला ने दारोगा से करीब 3 लाख रुपये नकद और 20 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।

इसके बाद आरोपी महिला ने अपने दो साथियों आकाश त्यागी और प्रदीप त्यागी के साथ मिलकर 15 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। रकम न देने पर दारोगा के खिलाफ रेप का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी गई। दबाव बनाने के लिए महिला ने दारोगा की भाभी को कोर्ट बुलाने का भी आरोप है।

लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर सब इंस्पेक्टर ने पूरी बात अपने परिवार को बताई। इसके बाद उनकी पत्नी ने 3 फरवरी को गाजियाबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने 4 फरवरी 2026 को मुख्य आरोपी रेखा त्यागी (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

नेटवर्क की हो रही जांच

पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि रेखा त्यागी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रही है। पुलिस अब फरार दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *