ड्यूटी छोड़ सपा के मंच पर पहुंचा गोरखपुर का सिपाही, विभाग ने शुरू की बर्खास्तगी की तैयारी

Share This

 

गोरखपुर में डायल 112 में तैनात एक सिपाही की नेतागिरी अब उस पर भारी पड़ने वाली है। चुनाव लड़ने की तैयारी में ड्यूटी से गायब रहने वाले सिपाही श्याम सुंदर चौहान को विभाग बर्खास्त करने जा रहा है। एसपी क्राइम की जांच में उसके खिलाफ लगे आरोप सही पाए गए हैं। इसके बाद एसएसपी ने बर्खास्तगी की फाइल एसपी ट्रैफिक को जांच के लिए दे दी है।

धनघटा से चुनाव लड़ने की थी तैयारी

जानकारी के मुताबिक, सिपाही श्याम सुंदर पिछले कई महीनों से बिना बताए ड्यूटी से नदारद था। इसी दौरान वह संतकबीरनगर की धनघटा विधानसभा में राजनीतिक तौर पर सक्रिय हो गया। बताया जा रहा है कि वह समाजवादी पार्टी से टिकट पाने की कोशिश में था और लगातार सपा के कार्यक्रमों में शामिल हो रहा था। मंच से भाषण देने और लाल टोपी लगाकर पोस्टर छपवाने तक की बात सामने आई है।

सोशल मीडिया पर भी वह खुद को ‘सिपाही श्याम सुंदर चौहान’ के तौर पर प्रचारित कर रहा था। सपा नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। करीब तीन महीने पहले जब अधिकारियों को इसकी भनक लगी तो तुरंत उसे सस्पेंड कर दिया गया। सस्पेंड होने के बाद भी सिपाही ने पुलिस लाइन में हाजिरी नहीं लगाई।

विभाग ने जब उसकी उपस्थिति का रिकॉर्ड खंगाला तो एक और गड़बड़ी सामने आई। लंबे समय तक गैरहाजिर रहने के बावजूद उसकी हाजिरी कैसे लगती रही, इसको लेकर भी जांच चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह गंभीर लापरवाही है।

कौन है सिपाही श्याम सुंदर?

बताया जाता है कि श्याम सुंदर 1994 बैच का सिपाही है और संतकबीरनगर के महुली इलाके के नैना झाला गांव का रहने वाला है। 2023 में उसका तबादला कुशीनगर से गोरखपुर हुआ था। अब एसपी ट्रैफिक की रिपोर्ट के बाद उसकी बर्खास्तगी का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *