UP में पुलिस का एक रात में तिहरा एक्शन – गाजियाबाद, वाराणसी और फिरोजाबाद में तीन मुठभेड़

Share This

 

उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान सोमवार देर रात तेज हो गया। एक ही रात में गाजियाबाद, वाराणसी और फिरोजाबाद में तीन अलग-अलग मुठभेड़ हुईं। तीनों ही घटनाओं में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपियों के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार साथियों की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

गाजियाबाद में चेन स्नैचर से मुठभेड़

पहली घटना गाजियाबाद के लोनी इलाके में हुई। यहां पुलिस चिरोड़ी चौकी बैरियर के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चिरोड़ी बाजार में महिला से चेन छीनने वाले दो बदमाश बाइक से बागपत की तरफ से आ रहे हैं। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे।

पीछा करने पर नेवला भट्टी गांव के पास नहर की पटरी पर उनकी बाइक फिसल गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दीपक नाम के बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी हरिप्रकाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक दीपक शामली के झिंझाना का रहने वाला है। उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक और महिला से छीनी गई चेन बरामद हुई है। उसने अपने साथी के साथ चेन छीनने की वारदात कबूल की है।

वाराणसी में छात्रा से छेड़खानी के आरोपी से मुठभेड़

दूसरी मुठभेड़ वाराणसी में अस्सी नाला के पास रविंद्रपुरी रोड पर हुई। यहां लंका पुलिस ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की छात्रा से ऑटो में छेड़खानी के आरोपी मैनूद्दीन को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

फिरोजाबाद में हत्या के आरोपी से मुठभेड़

तीसरी मुठभेड़ फिरोजाबाद में हुई। यहां एका थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद में फाइनेंस कर्मी प्रदीप कुमार की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी देवेंद्र को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि देवेंद्र नहर पटरी के रास्ते भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने नगला धारू पुल से आगे निनावली गांव के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई।

पूछताछ में उसकी पहचान देवेंद्र के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस मिले हैं। प्रदीप कुमार की 15 नवंबर की सुबह जमीन विवाद में हुई मारपीट के दौरान हत्या कर दी गई थी। इस मामले में देवेंद्र समेत 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *