दरोगा की पत्नी की कार बनी काल, युवक की मौत पर सड़क पर उतरे परिजन

Share This

 

लखनऊ के दुबग्गा इलाके में एक सड़क हादसे ने पुलिस महकमे को भी सवालों के घेरे में ला दिया। हरदोई में तैनात एक दरोगा की पत्नी द्वारा चलाई जा रही कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शव सड़क पर रखकर हरदोई रोड जाम कर दिया।

ये था मामला 

मृतक की पहचान 23 वर्षीय साहिल के रूप में हुई है, जो शटरिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार शाम वह अपने 10 वर्षीय भतीजे के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान बाजनगर गांव के पास सामने से आ रही कार से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि साहिल की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में हरदोई शहर कोतवाली में तैनात दरोगा आकाश सिंह और उनकी पत्नी मौजूद थे। कार उनकी पत्नी चला रही थीं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को घेर लिया, लेकिन पुलिस उन्हें सुरक्षित थाने ले गई।

युवक की मौत से नाराज परिजनों ने मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। उनका कहना था कि साहिल ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और उसके बूढ़े व बीमार माता-पिता सहित बहनों की जिम्मेदारी उसी पर थी।

कब्जे में ली गई कार

करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और महिला चालक से पूछताछ की जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *