मथुरा में दरोगा की गोली लगने से मौत, गोकुल बैराज के पास मिला शव; पारिवारिक विवाद की आशंका

Share This

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक दरोगा की मौत का मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के गोकुल बैराज के पास गुरुवार को सब इंस्पेक्टर पंकज कुमार यादव का शव मिला। उनके सिर में गोली लगी थी और पास में ही उनका सर्विस रिवॉल्वर पड़ा हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पंकज कुमार यादव 2019 बैच के सब इंस्पेक्टर थे और मूल रूप से एटा जिले के रहने वाले थे। वर्तमान में उनकी तैनाती मथुरा में एसपी ट्रैफिक के पेशकार के रूप में थी। पंकज की पत्नी दीप्ति भी पुलिस विभाग में सिपाही हैं और मथुरा सदर थाने में तैनात हैं।

ड्यूटी के बाद घर गए थे दरोगा

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पंकज कुमार गुरुवार दोपहर ड्यूटी से अपने घर गए थे। कुछ समय घर पर रुकने के बाद वह वर्दी पहनकर बाहर निकले। इसके बाद गोकुल बैराज के पास उनकी लाश मिली।

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों और शुरुआती जांच के आधार पर पंकज कुमार द्वारा सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारने की बात सामने आई है। गोली सिर के बीचोबीच लगी थी। शव के पास रिवॉल्वर मिलने के कारण पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच की।

पारिवारिक विवाद को माना जा रहा वजह

एसएसपी के अनुसार, शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दरोगा की मौत की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। घटना के बाद पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर ऐसी क्या परिस्थिति बनी, जिसके बाद पंकज कुमार ने यह कदम उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *