उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से सामने आई महिला से अश्लीलता की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। डिप्टी गंज क्षेत्र में बुर्कानशीं महिला के साथ हुई शर्मनाक हरकत का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है और इसी का नतीजा रहा कि पुलिस ने आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया।
सोमवार को हुआ गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक की पहचान आदिल नाम के युवक के रूप में हुई, जो कांठ थाना क्षेत्र के उमरी गांव का निवासी है। वीडियो में साफ देखा गया था कि एक महिला जैसे ही गली से गुजरती है, आदिल पीछे से आता है और अश्लील हरकत कर मौके से फरार हो जाता है। इस गंभीर मामले में मुरादाबाद पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
सोमवार रात जब पुलिस ने आदिल को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने भागने की कोशिश की। इस दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली आदिल के पैर में लग गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महिला अपराध स्वीकार नहीं
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने अपराध की बात स्वीकार करते हुए माफी मांगी है। लेकिन उत्तर प्रदेश में योगी सरकार का साफ संदेश है महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की अभद्रता या अपराध को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई से यह भी स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश में महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। मुरादाबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे मामलों में और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।