प्रदेश के इस जिले में 4 अक्टूबर तक रद्द की गई पुलिसकर्मियों की छुट्टियां, जारी हुआ आदेश

Share This

 

लखनऊ। शारदीय नवरात्रि और विजयदशमी के दौरान राजधानी में कड़ी सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात पुलिसकर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं। इस संबंध में संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बाबूलाल कुमार ने सोमवार को आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक 4 अक्टूबर 2025 तक कोई भी पुलिसकर्मी नियमित अवकाश पर नहीं जा सकेगा।

आदेश में कहा गया ये

आदेश में कहा गया है कि नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान बड़े पैमाने पर धार्मिक आयोजन और जुलूस निकाले जाएंगे। ऐसे में त्योहारों को सकुशल और शांति पूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पूरे पुलिस बल की उपस्थिति आवश्यक है। इसलिए सभी पुलिस कर्मियों का अवकाश तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। विशेष परिस्थितियों में ही अवकाश पुलिस उपायुक्त की स्वीकृति से दिया जाएगा।

20250924 140736

संयुक्त पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस उपायुक्तों, अपर पुलिस उपायुक्तों, सहायक पुलिस आयुक्तों और प्रभारी निरीक्षकों को निर्देश दिया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा थाना प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सतर्क रहने को कहा गया है।

योजना के अनुसार तय होगी ड्यूटी

नवरात्रि और विजयदशमी के दौरान शहर में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। मंदिरों, पंडालों और जुलूस मार्गों पर पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी। कमिश्नरेट की सभी इकाइयों को पहले से तैयार की गई सुरक्षा योजना के अनुसार ड्यूटी पर लगाया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों में शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *