सावन की कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकलने वाले कांवड़ियों की बड़ी संख्या को देखते हुए मुजफ्फरनगर, मेरठ और गाजियाबाद जिलों को सुरक्षा के लिहाज से सबसे अहम माना जा रहा है। इन तीनों जिलों से होकर गुजरने वाले कांवड़ मार्गों पर भीड़ प्रबंधन से लेकर यातायात व्यवस्था तक की विशेष तैयारी की जा रही है।
इन्हीं जिलों में रहता है सबसे ज्यादा दवाब
कांवड़ यात्रा के दौरान सबसे ज्यादा दबाव इन्हीं जिलों में रहता है। मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों की आवाजाही शुरू होते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके बाद मेरठ और गाजियाबाद के रास्ते कांवड़िए दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान की ओर बढ़ते हैं। इसी को देखते हुए तीनों जिलों के पुलिस प्रमुखों ने अपने-अपने स्तर पर सुरक्षा प्लान तैयार किया है।
गाजियाबाद में पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ ने कांवड़ मार्गों को लेकर लगातार निरीक्षण किया है। पुलिस ने संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर निगरानी बढ़ाने की तैयारी की है। मार्गों पर पुलिस पिकेट लगाने, सीसीटीवी से नजर रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की कोशिश है कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति न बने।
मेरठ में एसएसपी अविनाश पांडे ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलग-अलग स्तर पर तैयारियां की हैं। कांवड़ मार्गों पर अस्थाई पुलिस चौकियां और थानों की व्यवस्था की जा रही है। भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात डायवर्जन और आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
मुजफ्फरनगर में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कांवड़ सेवा शिविर संचालकों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए हैं। शिविरों में बिजली, पानी, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा इंतजामों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। इसके अलावा डीजे और यातायात व्यवस्था को लेकर भी नियमों का पालन कराने की तैयारी है।
तीनों अफसर कर रहे निगरानी
तीनों जिलों के पुलिस अधिकारी खुद तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों का फोकस सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सहायता व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि इस बार यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए पहले से ज्यादा व्यापक इंतजाम किए गए हैं।