स्थायी DGP का पदभार संभालते ही राजीव कृष्णा का बड़ा संदेश, बोले- जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

Share This

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस के नए स्थायी पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्णा ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में पदभार ग्रहण करने के बाद पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और आधुनिक पुलिसिंग को लेकर सरकार और पुलिस विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए भविष्य की प्राथमिकताओं को भी सामने रखा।

डीजीपी ने बताया ये

राजीव कृष्णा ने कहा कि पिछले सात-आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश में अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने बताया कि अपराध और अपराधियों के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उनके अनुसार, उत्तर प्रदेश पुलिस ने 93 प्रतिशत से अधिक अपराधियों को सजा दिलाने में सफलता हासिल की है, जो कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत 5,684 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और करीब 788 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियां जब्त की गई हैं। डीजीपी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और कानून का राज बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

महिला सुरक्षा पर बोलते हुए राजीव कृष्णा ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में मिशन शक्ति अभियान को जनता का बेहद अच्छा प्रतिसाद मिला है। प्रदेश के हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे महिलाओं को सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने में काफी मदद मिली है। उन्होंने दावा किया कि इन प्रयासों के कारण महिला अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

साइबर अपराध का भी किया जिक्र

साइबर अपराध के मोर्चे पर भी उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए डीजीपी ने कहा कि राज्य इस क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी के मामलों में 400 करोड़ रुपये से अधिक की राशि फ्रीज कराई गई है, जिससे हजारों लोगों को राहत मिली है।

राजीव कृष्ण ने कहा कि बदलते दौर में तकनीक आधारित पुलिसिंग की भूमिका लगातार बढ़ रही है। इसी दिशा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ‘यक्ष ऐप’ (Yaksh App) और अन्य आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर अपराध नियंत्रण और जांच प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया गया है।

उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। डीजीपी के अनुसार, राज्य में सड़क हादसों में होने वाली मौतों में 11.5 प्रतिशत की कमी आई है, जो विभिन्न विभागों और पुलिस के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।

अपने संबोधन के अंत में राजीव कृष्ण ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों के विश्वास को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में सुरक्षा और सुशासन की दिशा में पुलिस लगातार प्रभावी कदम उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *