उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मंगलवार देर रात किए गए आईपीएस अधिकारियों के तबादलों की सूची में बाराबंकी जिले को नया पुलिस अधीक्षक मिला है। बागपत में तैनात रहे आईपीएस अधिकारी अर्पित विजयवर्गीय को अब बाराबंकी की कमान सौंपी गई है। वहीं, मौजूदा एसपी दिनेश कुमार सिंह को बुलंदशहर स्थानांतरित किया गया है, जहां वे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी निभाएंगे।
कौन हैं अर्पित
जानकारी के मुताबिक, अर्पित विजयवर्गीय का प्रशासनिक सफर जितना सधा हुआ है, उतनी ही दिलचस्प उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी रही है। मूल रूप से राजस्थान के कोटा जिले से ताल्लुक रखने वाले विजयवर्गीय ने आईआईटी कानपुर से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में रहकर सिविल सेवा की तैयारी शुरू की और तीन साल की मेहनत के बाद वर्ष 2017 में यूपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
आईपीएस बनने के बाद उनकी पहली तैनाती बरेली में बतौर एएसपी हुई। इसके बाद उन्होंने मुजफ्फरनगर जैसे संवेदनशील जनपद में कानून व्यवस्था को संभालते हुए कार्य किया। फिर उन्हें बागपत का एसपी बनाया गया, जहां उनके नेतृत्व में कई अहम अपराध मामलों का निस्तारण किया गया।
चुनौतीपूर्ण जिला है बाराबंकी
अब बाराबंकी में उनकी तैनाती को लेकर स्थानीय प्रशासन और नागरिकों में नई उम्मीदें जगी हैं। बाराबंकी, जो लखनऊ के करीब स्थित है, संवेदनशील मामलों और राजनैतिक सक्रियता के चलते चुनौतीपूर्ण जिला माना जाता है। ऐसे में युवा और तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी अर्पित विजयवर्गीय की नियुक्ति को सरकार द्वारा कानून व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है।
उनके अब तक के कार्यकाल ने उन्हें एक अनुशासित, दृढ़ और नतीजा देने वाले अफसर के रूप में पहचान दिलाई है। अब देखना होगा कि वे बाराबंकी में किस तरह अपनी छवि को कायम रखते हैं।