वाराणसी: मंत्री ओमप्रकाश राजभर का गनर गिरफ्तार, युवती ने लगाया रेप- गर्भपात कराने का आरोप

Share This

वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के गनर प्रशांत राय को गंभीर आरोपों के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि प्रशांत राय ने चार साल तक एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया और जबरन गर्भपात करवा दिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी सिपाही किराए के कमरे में उसके साथ रहता था और इस दौरान लगातार उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करता रहा।

ये है मामला

युवती ने बताया कि गनर ने 25 अप्रैल को गुपचुप तरीके से प्रयागराज में किसी अन्य महिला से शादी कर ली। सोशल मीडिया पर फोटो देखने के बाद पीड़िता ने घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसकी तहरीर के आधार पर रेप, जबरन गर्भपात कराने, धमकाने और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपी ओपी राजभर की सुरक्षा में तैनात गनर था।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने प्रेम जाल में फंसाकर बार-बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान वह दो बार गर्भवती भी हुई। लेकिन आरोपी ने उसे मानसिक दबाव डालकर गर्भपात करवा दिया। जब पीड़िता ने शादी के लिए अंतिम दबाव डाला तो आरोपी ने चोरी-छिपे शादी कर ली।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने घटना के गंभीर पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। वाराणसी पुलिस के अधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहनता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *