जालौन। कोतवाली उरई की पुलिस टीम एक अपहरण मामले में कार्रवाई करने हरियाणा गई थी, लेकिन मंगलवार सुबह तावड़ू क्षेत्र में उनकी गाड़ी भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक घटना में चार पुलिसकर्मियों और एक वादी की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
ऐसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कोतवाली उरई में दर्ज अपहरण मामले में अपहृत व्यक्ति की बरामदगी के लिए पुलिस टीम हरियाणा रवाना हुई थी। आरोपियों की तलाश के दौरान टीम तावड़ू सदर थाना क्षेत्र पहुंची थी, तभी मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उनकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे वाहन से टकरा गई। यह हादसा ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान हुआ।
हादसे में उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, आरक्षी प्रदीप कुमार (सर्विलांस सेल) और आरक्षी अशोक कुमार (कोतवाली उरई) की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही, मुकदमे के वादी अमरीक सिंह निवासी संगरूर (पंजाब) भी हादसे में दम तोड़ दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और वाहन को सड़क से हटवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद जालौन और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल व्याप्त है।
एसपी ने कहा ये
एसपी जालौन विनय कुमार सिंह ने कहा कि यह घटना जिले के पुलिस बल के लिए बहुत ही दुखद है। जालौन पुलिस ने हमेशा कानून और सुरक्षा की सेवा में अपने प्राणों की आहुति दी है, और यह हादसा उनकी समर्पण भावना की याद दिलाता है। पूरे जिले में मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की जा रही है और परिवारों को हर संभव मदद देने की बात कही गई है।