थानों पर हमले की हिम्मत नहीं: CM की सख्त चेतावनी, सुरक्षा में सेंध लगाने वालों का होगा काम तमाम

Share This

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया है। गोरखनाथ मंदिर क्षेत्र में नए सुरक्षा भवनों के उद्घाटन के बाद उन्होंने साफ कहा कि अब प्रदेश में किसी भी थाने पर हमला करने की हिम्मत कोई नहीं कर पाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई पुलिस व्यवस्था में सेंध लगाने या थाने पर हमला करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी।

सीएम ने कहा ये

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में पुलिस तंत्र को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत किया गया है। थानों में अब अलग से बैरक बनाए गए हैं, जहां हर समय पुलिस बल की तैनाती रहती है। इससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जवाबी कार्रवाई संभव हो सकेगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों को यह समझ लेना चाहिए कि अब पुलिस पर हमला करना उनके लिए भारी पड़ेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि सरकार लगातार पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बना रही है। गोरखनाथ क्षेत्र में बने नए सुरक्षा भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं और यहां अधिकारियों के बैठने, कंट्रोल रूम और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। इन भवनों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

लगातार बढ़ रहा पुलिस बल

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद से प्रदेश में बड़े पैमाने पर पुलिस भर्ती की गई है, जिससे बल की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। साथ ही प्रशिक्षण क्षमता को भी कई गुना बढ़ाया गया है, ताकि पुलिसकर्मी आधुनिक चुनौतियों से निपटने में सक्षम बन सकें।

उन्होंने जोर देकर कहा कि सुशासन की पहली शर्त सुरक्षा है और सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। बेहतर सुविधाएं, मजबूत ढांचा और सख्त कानून व्यवस्था मिलकर प्रदेश में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *