यूपी पुलिस को सख्त निर्देश: CM ने कहा- चाइनीज मांझे की बिक्री और स्टॉक पर लगे पूरी तरह रोक

Share This

उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से हो रही लगातार जानलेवा घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा है कि चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों को अब महज हादसा नहीं, बल्कि गंभीर आपराधिक कृत्य माना जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सीएम ने कहा ये

मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और उसके भंडारण पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को आदेश दिया है कि विशेष अभियान चलाकर ऐसे लोगों की पहचान की जाए जो अवैध रूप से इस खतरनाक मांझे का कारोबार कर रहे हैं। साथ ही यह भी सवाल उठाया कि प्रतिबंध के बावजूद बाजारों में यह जानलेवा मांझा आखिर पहुंच कैसे रहा है।

सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि पुलिस को छापेमारी अभियान तेज करना होगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पूरे अभियान की उच्च स्तर पर समीक्षा भी की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आदेशों का सख्ती से पालन हो।

इस मामले के बाद हुई सख्ती

दरअसल, हाल ही में राजधानी लखनऊ में चाइनीज मांझे से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। हैदरगंज पुल पर पतंग की डोर की चपेट में आने से एक युवक की गर्दन गंभीर रूप से कट गई थी। घायल अवस्था में उसे ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक युवक शोएब अपने परिवार का इकलौता सहारा था और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इलाके में लोगों में भारी आक्रोश है और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *