मुहर्रम से पहले ASP अनुज चौधरी ने इंची टेप से नापे ताजिए, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

Share This

फिरोजाबाद। मुहर्रम के जुलूस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में शिकोहाबाद क्षेत्र में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज चौधरी ने मुहर्रम से एक दिन पहले ताजिया और अलम की ऊंचाई की जांच की। प्रशासन को सूचना मिली थी कि कुछ स्थानों पर निर्धारित मानक से अधिक ऊंचे ताजिए तैयार किए जा रहे हैं, जिससे जुलूस के दौरान दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है।

खुद फील्ड पर उतरे एएसपी

सूचना के आधार पर ASP अनुज चौधरी स्वयं मौके पर पहुंचे और इंची टेप की मदद से ताजियों की ऊंचाई नापी। जांच के दौरान सभी ताजिए निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। अधिकारियों के अनुसार ताजियों की ऊंचाई 7 फीट तथा धकेल सहित कुल 10 फीट मापी गई, जो प्रशासन द्वारा तय किए गए मानकों के भीतर थी।

निरीक्षण के दौरान ASP ने मुहर्रम जुलूस के पूरे रूट का भी जायजा लिया। उन्होंने कर्बला स्थल का निरीक्षण किया और रास्ते में मौजूद बिजली के ढीले एवं नीचे लटक रहे तारों की स्थिति का भी आकलन किया। संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संभावित खतरों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए गए।

पहले आयोजित की गई थी बैठक

इससे पहले जसराना कोतवाली में ताजिएदारों और मुस्लिम समाज के लोगों के साथ बैठक भी आयोजित की गई थी। बैठक में अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मुहर्रम मनाने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया गया कि किसी भी तरह से माहौल खराब करने या नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा और जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से ताजियों की ऊंचाई की जांच, जुलूस मार्ग का निरीक्षण और अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *