नई दिल्ली: दिल्ली में जारी मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने बड़ा प्रशासनिक आदेश जारी किया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, अगले आदेश तक सभी पुलिसकर्मियों की सामान्य छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। इसमें कैजुअल लीव (CL), अर्न्ड लीव (EL) समेत अन्य नियमित अवकाश शामिल हैं।
आदेश में कहा ये
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय-II) की ओर से 23 जुलाई 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से कोई भी सामान्य अवकाश प्रदान नहीं किया जाएगा। यह आदेश सभी रैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लागू होगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि केवल वास्तविक और जरूरी आपातकालीन परिस्थितियों में ही छुट्टी मंजूर की जाएगी। इसके लिए संबंधित मामले की पूरी जांच और सक्षम अधिकारी की अनुमति आवश्यक होगी। सभी जिला पुलिस उपायुक्तों (DCPs) को निर्देश दिया गया है कि वे इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
इसके अलावा, आदेश में यह भी कहा गया है कि पुलिसकर्मी, जिसमें राजपत्रित अधिकारी (GOs) भी शामिल हैं, दिल्ली पुलिस कमिश्नर की अनुमति के बिना किसी भी कोर्स, प्रशिक्षण या अन्य कार्यक्रम में भाग नहीं ले सकेंगे। यह रोक भी अगले आदेश तक जारी रहेगी।
इसलिए उठाया गया कदम
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन और उससे जुड़ी कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। पुलिस प्रशासन ने सभी इकाइयों को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर की मंजूरी भी दर्ज है। अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया गया है।