कभी-कभी ट्रैफिक चेकिंग जैसी सामान्य कार्रवाई भी अचानक खतरनाक मोड़ ले लेती है। लखनऊ में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां एक कार चालक ने रुकने के बजाय ऐसा कदम उठाया जिसने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भी चौंका दिया। कमता तिराहे पर चल रही नियमित चेकिंग के दौरान जो हुआ, वह किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था, लेकिन इसकी हकीकत बेहद गंभीर और चिंताजनक है। एक सिपाही को अपनी जान बचाने के लिए चलते वाहन पर चढ़ना पड़ा और इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
ये था मामला
शनिवार को कमता तिराहे पर ट्रैफिक पुलिस अवैध वाहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान सिपाही गौरव बंसल ने एक कार को रोकने का इशारा किया। बताया जा रहा है कि कार में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे।
जैसे ही सिपाही ने चालक से पूछताछ करने की कोशिश की, कार चालक ने अचानक रफ्तार बढ़ा दी। सिपाही ने खुद को बचाने के लिए कार के बोनट पर छलांग लगा दी, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और करीब 200 मीटर तक उसे बोनट पर लटकाए हुए दौड़ाता रहा।
इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर चिनहट इलाके के पास ओवरब्रिज के पास कार को घेरकर रोक लिया गया और चालक को पकड़ लिया गया।लेकिन मामला यहीं नहीं थमा। थाने में देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस के अनुसार, कुछ लोग वहां पहुंचे और आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की, जिससे हंगामा बढ़ गया।
कार सवाल ने लगाया ये आरोप
दूसरी ओर, कार सवार पक्ष ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मी की ओर से बदसलूकी की गई थी। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके और आगे की कार्रवाई तय की जा सके।