उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कुख्यात संजीव जीवा गैंग का शार्प शूटर और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश फैसल झिंझाना थाना क्षेत्र के जंगल में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। फैसल पुत्र अकील मेरठ के लिसाड़ी गेट का रहने वाला था, जो फिलहाल मुजफ्फरनगर के खालापार इलाके में रह रहा था। उस पर हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज थे।
ऐसे हुई मुठभेड़
पुलिस सूत्रों के अनुसार, झिंझाना पुलिस और स्वाट टीम ऊन-चौसाना मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फैसल और उसके साथी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियों से फैसल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में एसओजी सिपाही दीपक निर्वाण को भी गोली लगी, हालांकि अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने दो मोटरसाइकिलें, दो पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस, पांच खोखे, लूटी गई बाइक, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। फैसल का एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में जंगल में कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी ने दी जानकारी
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने बताया कि फैसल पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और हाल ही में उसने बरनावी गांव में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। उसका साथी शाहरुख पठान डेढ़ माह पहले एसटीएफ की मुठभेड़ में मारा जा चुका था। शामली पुलिस की यह कार्रवाई राज्य में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है। इस एनकाउंटर के बाद जिले में अपराधियों के हौसले पस्त हो गए हैं और पुलिस की इस सफलता को प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।