उत्तर प्रदेश पुलिस को हाल ही में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 (तीसरा संस्करण), गौतमबुद्धनगर में विशेष पुरस्कार प्राप्त हुआ है। यह सम्मान पुलिस महानिदेशक, राजीव कृष्णा के निर्देशन में पुलिस की विभिन्न इकाइयों द्वारा लगाए गए संयुक्त स्टॉल को दिया गया। इस स्टॉल का चयन स्टॉल के आकार, आकर्षक सेटअप, वातावरण और आगंतुकों की संख्या को ध्यान में रखते हुए किया गया। इस तरह से यूपी पुलिस का स्टॉल विजेता घोषित हुआ।
इसलिए मिला इनाम
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नंदी गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ जो औद्योगिक विकास, निर्यात संवर्धन और एनआरआई निवेश प्रोत्साहन के लिए जिम्मेदार हैं, तथा कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने पुलिस अधीक्षक UP-112 निधि सोनकर को पुरस्कार प्रदान किया।
यह पुरस्कार यूपी पुलिस के पेशेवर कौशल और कामकाज की गुणवत्ता की मान्यता है। साथ ही यह जनता के विश्वास, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और लगातार नवाचार के प्रयासों का प्रतीक भी है।
यह सम्मान पुलिस विभाग की तत्परता और सेवा की उच्च गुणवत्ता को दर्शाता है। यूपी पुलिस ने अपने स्टॉल के माध्यम से पुलिसिंग की स्मार्ट तकनीकों, जनसुविधाओं और विभिन्न पहलों को प्रदर्शित किया, जो आम जनता के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही हैं।
पुलिस ने इस प्रदर्शनी में अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार की झलक प्रस्तुत की, जिससे न केवल आगंतुक प्रभावित हुए बल्कि सुरक्षा के नए आयाम भी सामने आए।
बदलाव के रास्ते पर अग्रसर यूपी पुलिस
इस पुरस्कार से यह स्पष्ट होता है कि यूपी पुलिस लगातार बदलाव और सुधार के रास्ते पर अग्रसर है। इसका उद्देश्य न केवल अपराध नियंत्रण है, बल्कि समाज के हर वर्ग को सुरक्षा और सेवा की उत्कृष्टता प्रदान करना भी है। इस उपलब्धि से पुलिस विभाग को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा ताकि वे नवाचार और दक्षता के साथ जनता की सेवा करते रहें।