गोरखपुर। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान ने देवरिया जिले के भलुअनी थाने में तैनात हेड कांस्टेबल चंद्र प्रकाश यादव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने का मामला दर्ज किया है। संतकबीरनगर के घनघटा थाना क्षेत्र के औराडाड निवासी चंद्र प्रकाश पर आरोप है कि उन्होंने अपनी सरकारी नौकरी के दौरान वैध आय से कहीं अधिक खर्च और संपत्ति अर्जित की।
जांच में सामने आया ये
विजिलेंस जांच में सामने आया कि चंद्र प्रकाश यादव को सेवा अवधि में कुल 73 लाख 29 हजार 359 रुपये की वैध आय प्राप्त हुई थी, जबकि उन्होंने इस अवधि में लगभग 89 लाख 54 हजार 784 रुपये का खर्च किया। इस प्रकार उनके खर्च और आय के बीच 16 लाख 25 हजार 425 रुपये का अंतर पाया गया। यह अंतर उनकी घोषित आय से अधिक संपत्ति की ओर इशारा करता है।
मामला तब शुरू हुआ जब वर्ष 2023 में शासन को उनके खिलाफ शिकायत मिली। शिकायत पर शासन ने सतर्कता अधिष्ठान को जांच का निर्देश दिया। विजिलेंस की टीम ने हेड कांस्टेबल की चल और अचल संपत्तियों का बारीकी से परीक्षण किया। जांच के दौरान चंद्र प्रकाश अपनी आय-व्यय के संतोषजनक दस्तावेज पेश करने में विफल रहे। इसके बाद गोरखपुर सेक्टर के सतर्कता अधिष्ठान इंस्पेक्टर अनंत कुमार सिंह ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
हो रही जांच
अब सतर्कता अधिष्ठान उनकी संपत्तियों की गहराई से छानबीन कर रहा है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि अतिरिक्त संपत्ति किन माध्यमों से अर्जित की गई। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि हेड कांस्टेबल की बैंक खातों, जमीन-जायदाद और निवेश से जुड़ी सभी जानकारियां खंगाली जा रही हैं। इस कार्रवाई ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है और अन्य कर्मचारियों के लिए भी यह मामला चेतावनी साबित हो सकता है।