आगरा-मथुरा हाइवे पर शुक्रवार सुबह मरियम टॉम्ब के पास फुट ओवरब्रिज पर एक निलंबित सिपाही का संदिग्ध हालात में शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बुलंदशहर जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के सुजानपुर पूठा निवासी विवेक कुमार के रूप में हुई है।
मौके पर पहुंचीं फोरेंसिक टीम
पुलिस के अनुसार विवेक इस समय सिकंदरा इलाके में अपने एक दोस्त के घर पर रह रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सिकंदरा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस को घटनास्थल से चूहे मारने की दवा के कई पैकेट मिले, जिनमें से एक पैकेट फटा हुआ था। सिपाही का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की होगी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन पैकेटों की बरामदगी और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस प्रथम दृष्ट्या इसे आत्महत्या मान रही है।
विवेक कुमार थाना पिनाहट में तैनात थे। ड्यूटी से गैरहाजिर रहने के चलते 28 जून 2025 को उन्हें निलंबित कर दिया गया था। निलंबन के बाद उनकी तैनाती आगरा पुलिस लाइन में कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, विवेक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच सिकंदरा थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।