मिशन शक्ति 5.0 की जोरदार शुरुआत: दो दिन में यूपी पुलिस ने पकड़े 6 हजार से अधिक शोहदे, 177 गिरफ्तार

Share This

 

 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुरू हुए मिशन शक्ति 5.0 के शुरुआती दो दिनों में उत्तर प्रदेश पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर जोरदार कार्रवाई की है। सोमवार और मंगलवार को पूरे प्रदेश में विशेष चेकिंग व फुट पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 14,861 स्थानों पर पुलिस टीमों ने गश्त कर संदिग्धों की तलाशी ली।

दी जा रही चेतावनी

पुलिस ने दो दिनों में 85,619 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की, जिनमें 6,280 शोहदों को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। वहीं विभिन्न मामलों में 177 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया और 2,813 अवैध अतिक्रमणों को हटवाया गया। महिला हेल्प डेस्क और एंटी रोमियो स्क्वाड ने भी सक्रियता दिखाते हुए स्कूल-कॉलेज के आसपास निगरानी बढ़ाई, जिससे मनचलों पर त्वरित अंकुश लगाया जा सके।

डीजीपी राजीव कृष्ण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे फील्ड में सक्रिय रहकर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें। उन्होंने स्कूल-कॉलेजों के बाहर शोहदों के खिलाफ सख्त कदम उठाने और महिला शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

ग्रामीण इलाकों में भी हो रही सुरक्षा

पिछले वर्ष प्रदेश के सभी 1,647 थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्कों पर अब तक 6,48,000 से अधिक शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें लगभग सभी का निस्तारण किया जा चुका है। महिला बीट प्रणाली और एंटी रोमियो स्क्वाड की सक्रियता ने ग्रामीण इलाकों तक सुरक्षा का दायरा बढ़ाया है। शुरुआती सफलता से यह साफ है कि मिशन शक्ति 5.0 महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *