Kanpur: अरौल थाने को मिलेगी नई पहचान, 7.19 करोड़ से होगा अत्याधुनिक भवन का निर्माण

Share This

 

कानपुर। कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन अंतर्गत अरौल थाना जल्द ही नई सूरत में नजर आएगा। शासन ने थाने की आधुनिक बिल्डिंग के निर्माण के लिए 7.19 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है, जिसमें से लगभग 3.59 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है। नई बिल्डिंग बनने के बाद थाने में कार्यरत पुलिसकर्मियों को न केवल बेहतर कार्यस्थल मिलेगा बल्कि आवास की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

2023 में हुआ था उदघाटन

अरौल थाना फरवरी 2023 में तत्कालीन पुलिस आयुक्त बीपी जोगदण्ड ने उद्घाटित किया था। हालांकि उद्घाटन के बाद से ही थाने में बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना रहा। न तो पुलिसकर्मियों के लिए रहने का इंतजाम था और न ही पर्याप्त कमरों की व्यवस्था। इसी कमी को देखते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) विनोद कुमार सिंह ने थाने के स्थायी भवन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिस पर अब वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है।

निर्माण कार्य का जिम्मा सीएनडीएस को सौंपा गया है और शासनादेश के अनुसार स्वीकृत धनराशि का उपयोग मार्च 2026 तक किया जाएगा। नई बिल्डिंग में कार्यालय के साथ-साथ स्टाफ क्वार्टर, मीटिंग हॉल और आवश्यक सुविधाएं शामिल होंगी। इससे थाने की कार्यक्षमता बढ़ेगी और पुलिसकर्मियों को राहत मिलेगी।

मिलेंगी बेहतर सेवाएं

अरौल के अलावा सचेंडी, नर्वल और बेकनगंज थानों के लिए भी भवन निर्माण प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। इन परियोजनाओं के पूरे होने से कानपुर कमिश्नरेट के कई क्षेत्रों में पुलिसिंग व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। नई इमारत बनने के बाद अरौल थाना न केवल क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा बल्कि आधुनिक पुलिसिंग का उदाहरण भी पेश करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *