गाजियाबाद। महिला सशक्तिकरण की तस्वीर सोमवार रात गाजियाबाद में उस समय देखने को मिली जब महिला थाना पुलिस ने साहस और तत्परता दिखाते हुए एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ में घायल कर पकड़ लिया। यह पहली बार है जब जिले में किसी महिला पुलिस टीम ने खुद मोर्चा संभालते हुए एनकाउंटर को अंजाम दिया।
ऐसे हुई मुठभेड़
चौकी लोहिया नगर क्षेत्र में महिला थाना पुलिस टीम रात में चेकिंग कर रही थी। तभी मेरठ रोड की ओर से आ रहे स्कूटी सवार बदमाश को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की। महिला पुलिस ने बिना हिम्मत खोए उसका पीछा किया।
पीछा करते-करते बदमाश स्कूटी से फिसल गया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में महिला पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
घायल बदमाश की पहचान जितेंद्र के रूप में हुई है। उसके पास से चोरी की स्कूटी, टैबलेट, मोबाइल फोन और अवैध असलहा बरामद किया गया। पूछताछ में उसने एनसीआर क्षेत्र में लूट, चोरी और छिनैती की कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली।
महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है ये एंकाउंटर
महिला पुलिस की इस कार्रवाई ने साबित कर दिया कि अब कानून व्यवस्था में महिलाओं की भूमिका सिर्फ सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि वे सीधे मोर्चा संभाल कर अपराधियों को शिकस्त देने में सक्षम हैं। यह एनकाउंटर न केवल गाजियाबाद पुलिस की उपलब्धि है बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश भी देता है कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर हो, महिला शक्ति के आगे टिक नहीं सकता।