Bareilly SSP ने मुंबई पुलिस को लिखा लेटर, दिशा पाटनी की सुरक्षा बढ़ाने की कही बात

Share This

बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी की सुरक्षा को लेकर बरेली और मुंबई पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। हाल ही में बरेली स्थित उनके पैतृक निवास पर हुई लगातार दो दिन की फायरिंग की घटनाओं ने पुलिस प्रशासन को सतर्क कर दिया है। अब यह मामला सिर्फ लोकल नहीं, बल्कि मुंबई तक पहुंच गया है, जहां दिशा पाटनी वर्तमान में रह रही हैं। ऐसे में अब बरेली एसएसपी ने मुंबई पुलिस को पत्र लिखा है।

एसएसपी ने लिखा पत्र

बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को एक औपचारिक पत्र भेजकर मौजूदा स्थिति से अवगत कराया है। इस पत्र में दिशा पाटनी और उनके परिवार की सुरक्षा को और पुख्ता करने की मांग की गई है।

बरेली पुलिस की तरफ से भेजे गए सुरक्षा संबंधी पत्र के आधार पर, अब मुंबई पुलिस दिशा पाटनी की पर्सनल सिक्योरिटी को लेकर कदम उठा सकती है। यदि अभिनेत्री की ओर से औपचारिक आवेदन किया जाता है, तो बरेली से भेजा गया पत्र समर्थन के रूप में इस्तेमाल हो सकता है।

ये था मामला

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बरेली में दिशा पाटनी के घर के बाहर अज्ञात बदमाशों ने दो दिन लगातार फायरिंग की। इस घटना ने न केवल पुलिस विभाग को चौंकाया, बल्कि शहर में भय का माहौल भी बना दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू की, और कई टीमों का गठन किया गया। जांच में जुटी टीमों को कुछ ठोस सुराग हाथ लगे, जिसके बाद गाजियाबाद में एक मुठभेड़ के दौरान दो अपराधियों को ढेर कर दिया गया। इसके अतिरिक्त, दिल्ली पुलिस ने दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है।

इस हादसे के बाद दिशा पाटनी के पिता, रिटायर्ड सीओ जगदीश चंद्र पाटनी, को पहले ही सरकारी सुरक्षा उपलब्ध है। परिवार को भी सुरक्षा गार्ड मुहैया कराए गए हैं। लेकिन अब इन व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की ज़रूरत महसूस की जा रही है, खासकर तब जब दिशा खुद मुंबई लौट चुकी हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *