दिशा पाटनी के घर फायरिंग केस में बरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनकाउंटर में पांचवां आरोपी दबोचा

Share This

बरेली में बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने आखिरकार पांचवें आरोपी को भी पकड़ लिया है। शुक्रवार देर रात शाही थाना क्षेत्र के बिहारीपुर नदी पुल के पास हुई मुठभेड़ में 19 वर्षीय रामनिवास उर्फ़ दीपू को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से रामनिवास घायल हो गया।

उस पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था और वह राजस्थान के ब्यावर जिले के जैतारण थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक .32 बोर की पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस बरामद किए हैं। मौके से बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस बाइक भी जब्त की गई।

कई साथी पहले गिरफ्तार और ढेर

पुलिस ने इस कार्रवाई में एक और आरोपी अनिल को भी पकड़ा, जिसके पास से .315 बोर का तमंचा, चार खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस मिले हैं। इससे पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया था। वहीं, हरियाणा, दिल्ली और यूपी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गैंग से जुड़े रविंद्र और अरुण को गाजियाबाद में ट्रोनिका सिटी के पास एनकाउंटर में मार गिराया गया था।

12 सितंबर को सामने आया था मामला

यह पूरा मामला 12 सितंबर का है, जब तड़के करीब 3:45 बजे बरेली के सिविल लाइंस क्षेत्र में दिशा पाटनी के घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग हुई थी। उस समय अभिनेत्री के पिता, रिटायर्ड सीओ जगदीश सिंह पाटनी, मां और बड़ी बहन खुशबू घर में मौजूद थे। गोलीबारी से किसी को नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी।

बरेली एसएसपी ने कहा कि पुलिस ने शुरुआत से ही इस केस को गंभीरता से लिया और लगातार दबिश देकर गैंग को धराशायी किया। पुलिस की यह कार्रवाई रोहित गोदारा-गोल्डी बरार गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *